कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा,राहत शिविरों में प्रभावितों से रूबरू होकर व्यवस्थाओं की ली जानकारी, शुद्ध पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष जोर
Jagdalpur
अर्नब चक्रवाती तूफान ने विदा होने से पहले बस्तर के अनेक जिलों में बाढ़ के हालात पैदा कर जन जीवन को प्रभावित किया । बस्तर संभाग में गत दिनों से बने बाढ़ के गंभीर हालात के बाद परिस्थितियां अब धीरे – धीरे सामान्य होने लगे है । बसतर के डोंगाघाट क्षेत्र में बाढ़ का पानी घरों में घुस जाने से ग्रामीण और छोटे बच्चे छतों पर फंसने को मजबूर हो गए । जिन्हें वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर से जिला प्रशासन और सुरक्षा बलों के साथ मिलकर 18 नागरिकों को सुरक्षित एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया ।
इस पूरे बचाव अभियान की कमान स्वयं बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने संभाली। प्रशासन द्वारा वर्तमान में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत सामग्री पहुंचाने और नावों व अन्य माध्यमों से लोगों को सुरक्षित शिविरों तक पहुंचाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है ।
बस्तर संभाग कमिश्नर ने बाढ़ प्रभावितों से रूबरू होकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

जगदलपुर तहसील अंतर्गत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने जायजा लिया। उन्होंने राहत शिविरों में रह रहे प्रभावित परिवारों से रूबरू होकर उनके ठहरने, भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए शासन-प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रयासरत है ।
कमिश्नर श्री सिंह ने प्राथमिक शाला भवन तामाकोनी, शहीद भगतसिंह स्कूल तथा माध्यमिक शाला भवन नगरनार में स्थापित राहत शिविरों का निरीक्षण किया। राहत शिविरों में उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं की जानकारी लेते हुए प्रभावित परिवारों के ठहरने के लिए पर्याप्त स्थान वाले बड़े कैम्पस का चयन करने के निर्देश दिए। शिविरों में महिलाओं और पुरुषों के लिए पृथक-पृथक व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने । साथ ही प्रभावितों के लिए भोजन और पेयजल की पर्याप्त एवं नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

चिकित्सा दल की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए प्रभावितों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक उपचार करने तथा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता देने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हैंडपंप, नल-जल योजना सहित अन्य पेयजल स्रोतों के जल परीक्षण पर विशेष जोर दिया।दूषित पानी से होने वाली संक्रामक बीमारियों की स्थिति निर्मित न हो।उन्होंने नगरनार इलाके के बाढ़ प्रभावितों को एनएमडीसी की ओर से समुचित सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश भी एनएमडीसी के अधिकारियों को दिए।
मकान, फसल और मवेशियों की क्षति का संवेदनशीलता से करें आंकलन
कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने बस्तर संभाग के बाढ़ प्रभावित बस्तर, सुकमा, बीजापुर सहित अन्य जिलों में जनहानि, मकान, फसल एवं पालतू मवेशियों को हुई क्षति का सर्वे कर आंकलन करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने के साथ उनके पुनर्वास की दिशा में सकारात्मक प्रयास शासन की प्राथमिकता है।






