10 दिवस के भीतर आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण नही होगा तो नपं के समक्ष धरना-प्रदर्शन
Konta
भारतीय जनता पार्टी कोंटा मंडल द्वारा शुक्रवार को नगर पंचायत कोंटा में व्याप्त साफ-सफाई एवं मूलभूत नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर मुख्य नगरपालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। भाजपा मंडल कोंटा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में नगर के विभिन्न वार्डों में नियमित साफ-सफाई, नालियों की सफाई, कचरा उठाव, स्ट्रीट लाइट, सड़क, पेयजल एवं जल निकासी जैसी समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की गई ।
ज्ञापन में कहा गया कि नगर पंचायत के कई वार्डों में नियमित साफ-सफाई नहीं होने के कारण नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर नालियां जाम हैं तथा सार्वजनिक स्थानों एवं प्रमुख मार्गों पर गंदगी की स्थिति बनी हुई है। वहीं कुछ स्थानों पर स्ट्रीट लाइट खराब होने के कारण रात्रि में अंधेरे की समस्या भी बनी रहती है।

भाजपा मंडल द्वारा नगर पंचायत के सभी वार्डों का वार्डवार निरीक्षण एवं सर्वेक्षण कराकर आवश्यकतानुसार विकास एवं मूलभूत सुविधाओं से संबंधित कार्यों की सूची तैयार करने तथा प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराने की मांग की गई।
ज्ञापन के माध्यम से नगर पंचायत प्रशासन को 10 दिवस के भीतर आवश्यक एवं ठोस कार्यवाही करने की मांग की गई है। भाजपा मंडल अध्यक्ष सुभाष चतुर्वेदी ने कहा कि नगरवासियों को स्वच्छ वातावरण एवं मूलभूत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पंचायत की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जनहित से जुड़े इन विषयों पर समय-सीमा में निराकरण आवश्यक है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि निर्धारित अवधि में समस्याओं के निराकरण की दिशा में ठोस एवं संतोषजनक कार्यवाही नहीं की जाती है, तो भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में आम नागरिकों की समस्याओं को लेकर नगर पंचायत के समक्ष धरना-प्रदर्शन एवं जनआंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा कोंटा मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे ।






