पूर्व सांसद दिनेश कश्यप की मौजूदगी में आयोजित शिविर में आम नागरिकों की मांगों और समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए उन्हें शासकीय योजनाओं का सीधा लाभ दिलाया गया ।
Sukma
सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को शबरी ऑडिटोरियम परिसर में आयोजित ब्लॉक स्तरीय सेवा सेतु शिविर में ग्रामीणों की बड़ी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं लेकर बड़ी संख्या में हितग्राही शिविर में पहुंचे।

कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों से कुल 195 आवेदन एवं मांगें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए 163 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को तत्काल राहत और लाभ पहुंचाया। स्वास्थ्य विभाग में सर्वाधिक 111 आवेदन आए, जिनका शत-प्रतिशत निराकरण करते हुए दवा वितरण एवं स्वास्थ्य जांच की सुविधा दी गई। राजस्व विभाग के 28 में से 26 प्रकरणों का निपटारा किया गया, जबकि श्रम विभाग के 11 और मत्स्य विभाग के सभी 5 आवेदन भी मौके पर ही निराकृत किए गए।
शिविर में राजस्व विभाग द्वारा 26 किसान किताब एवं बी-1 खसरा, 14 निवास प्रमाण पत्र और 3 आय प्रमाण पत्र तैयार कर सौंपे गए। वहीं पीएम आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास पूर्ण करने वाले हितग्राहियों को सांकेतिक चाबी प्रदान कर लाभान्वित किया गया। इसके अलावा शिविर स्थल पर राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और आधार कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध रही, जिससे ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास, परिवहन, उद्यान विभाग और स्टेट बैंक से जुड़े 32 प्रकरण प्रक्रियाधीन होने के कारण लंबित रहे। अधिकारियों को इन मामलों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मौके पर ही समस्याओं के समाधान और विभिन्न सेवाओं की उपलब्धता से ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। हितग्राहियों ने सेवा संकल्प शिविर को प्रशासन की जनहितकारी पहल बताते हुए इसकी सराहना की। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा जिला अध्यक्ष धनीराम बारसे, वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण सिंह भदौरिया, जिला पंचायत सदस्य कोरसा सन्नू, हूँगा राम मरकाम, जनपद अध्यक्ष कोंटा श्रीमती कुसुमलता कोवासी, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती भुनेश्वरी यादव, जनपद उपाध्यक्ष सुकमा श्रीमती रीना पेद्दी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।






