Jagdalpur
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के बस्तर आगमन पर जगदलपुर स्थित माँ दंतेश्वरी एयरपोर्ट में उनका आत्मीय एवं गरिमामय स्वागत किया गया। राष्ट्रपति के आगमन पर राज्यपाल श्री रमेन डेका, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री श्री राम विचार नेताम, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, बस्तर सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष श्री महेश कश्यप, सांसद कांकेर श्री भोजराज नाग, महापौर श्री संजय पांडेय सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया ।

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक बस्तर दशहरा महोत्सव के महत्वपूर्ण आयोजन मुरिया दरबार में शामिल होने जगदलपुर पहुंचीं । राष्ट्रपति का यह प्रवास बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत के लिए विशेष महत्व रखता है ।

उल्लेखनीय है कि बस्तर दशहरा अपनी अनूठी परंपराओं, जनजातीय आस्था और सांस्कृतिक विशिष्टता के कारण देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। मुरिया दरबार इस महोत्सव की महत्वपूर्ण परंपरा है, जो ऐतिहासिक रूप से जनसंवाद और सामुदायिक सहभागिता का प्रतीक रहा है। राष्ट्रपति की इस आयोजन में सहभागिता से बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और गौरव प्राप्त हुआ है।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने माँ दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना कर देशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने जगदलपुर में बस्तर की आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय भी उपस्थित रहे। माँ दंतेश्वरी के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति ने देश की सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

बस्तर की आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी का मंदिर क्षेत्र की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख केंद्र है। माँ दंतेश्वरी के प्रति बस्तरवासियों की गहरी श्रद्धा है और देशभर से श्रद्धालु यहां दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। राष्ट्रपति का माँ दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन करना बस्तर की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के महत्व को भी रेखांकित करता है।







