Sukma
बस्तरिया राज मोर्चा के संयोजक मनीष कुंजाम ने सुकमा जिले के किसानों की समस्याओं को देखते हुए शासन-प्रशासन से मांग की है कि जिले के तीनों ब्लॉकों में फसलों की स्थिति का तत्काल सर्वे कराया जाए और प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए ।
उन्होंने कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं, लेकिन समय पर बारिश नहीं होने के कारण किसानों की धान की फसल प्रभावित हो रही है। धान की बालियों में समय पर फूल नहीं आने और फसल की बढ़वार प्रभावित होने से किसानों की मेहनत पर संकट मंडरा रहा है। ऐसी स्थिति में किसानों को आर्थिक नुकसान उठाने की आशंका है।

पहले से ही खेती के लिए कर्ज लेने वाले किसान अब फसल खराब होने की चिंता से परेशान हैं। यदि समय रहते शासन-प्रशासन ने उचित कदम नहीं उठाए, तो किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।
बस्तरिया राज मोर्चा की प्रमुख मांगें..
1. सुकमा जिले के सुकमा, कोंटा और छिंदगढ़ तीनों ब्लॉकों में धान सहित अन्य प्रभावित फसलों का तत्काल सर्वे कराया जाए।
2. फसल नुकसान का निष्पक्ष आकलन कर प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा दिया जाए।
बस्तरिया राज मोर्चा के संयोजक ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि मेहनतकश किसानों को राहत मिल सके और उनकी कर्जा माफ किया जाए ।







