Sukma
कोन्टा उप वनमण्डल अंतर्गत परिक्षेत्र गोलापल्ली में वन विभाग द्वारा अवैध रूप से सागौन तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की हैं । कुल 0.671 घन मीटर सागौन लकड़ी तथा परिवहन में प्रयुक्त एक टाटा मैजिक वाहन एवं दो मोटरसाइकिलें जब्त की गईं है।
पहली कार्यवाही कम्पार्टमेंट क्रमांक 876 में रात्रि लगभग एक बजे छत्तीसगढ़–तेलंगाना सीमा के समीप जंगल की ओर से आ रही टाटा मैजिक वाहन क्रमांक TS 04 UA 2436 को वन विभाग के अमले द्वारा रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सागौन की लकड़ी पाई गई। वाहन से पांच लट्ठे एवं एक स्लीपर, कुल 0.629 घन मीटर सागौन लकड़ी जब्त की गई। वन विभाग के चौकीदारों को देखकर वाहन चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। वाहन एवं जब्त लकड़ी को मरईगुड़ा वन कार्यालय में सुरक्षित रखा गया है। फरार चालक की तलाश एवं प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इसी क्रम में दूसरी कार्यवाही कम्पार्टमेंट क्रमांक 842 में रात्रि लगभग साढ़े बारह बजे वन विभाग के अमले द्वारा दो मोटरसाइकिल को सागौन के स्लीपर के साथ पकड़ा गया। वन विभाग के चौकीदारों को देखकर एक मोटरसाइकिल चालक मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। दोनों मोटरसाइकिलों से कुल 0.042 घन मीटर सागौन स्लीपर जब्त किए गए ।
जब्त मोटरसाइकिलों में एक होंडा शाइन है, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई है, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल प्लैटिना मॉडल की है, जिसका पंजीयन क्रमांक AP20 M 3832 है।
इस प्रकार दोनों कार्रवाई में कुल 0.671 घन मीटर सागौन लकड़ी तथा तीन वाहन जब्त कर राजसात की कार्यवाही प्रारंभ की जा रही है। वन विभाग द्वारा प्रकरणों में संबंधित वन अधिनियम एवं अन्य प्रचलित विधिक प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की पहचान एवं कार्यवाही के लिए वन अमले द्वारा प्रयास जारी हैं।
वन विभाग द्वारा वनों से अवैध कटाई एवं लकड़ी के अवैध परिवहन के विरुद्ध लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है।






