Sukma
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की विकास परक सोच का असर अब सुकमा जिला मुख्यालय में भी दिखाई देने लगा है। प्रदेश सरकार और वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के प्रयासों से सुकमा शहर में नागरिक सुविधाओं, खेल, पर्यटन, प्रकाश व्यवस्था और व्यापारिक अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों को गति मिली है। इन कार्यों के पूरा होने के बाद सुकमा शहर का स्वरूप और अधिक आधुनिक एवं आकर्षक नजर आएगा।
91 लाख से सुधरेगी शहर की रोशनी
शहर को सुरक्षित और रोशन बनाने के लिए स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया गया है। पुरानी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और नई आधुनिक लाइटें लगाने के लिए कुल 91 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इसमें क्रेडा विभाग को 25 लाख, ई एंड एम विभाग को 60 लाख और नगर पालिका परिषद को 9 लाख रुपये शामिल हैं। काम पूरा होने के बाद मुख्य मार्गों के साथ शहर की अंदरूनी बस्तियां भी बेहतर प्रकाश व्यवस्था से जगमगाएंगी।

युवाओं को टर्फ ग्राउंड और आधुनिक जिम की सौगात
भाजपा सरकार ने शहर के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए भी महत्वपूर्ण पहल की है। 40 लाख रुपये की लागत से बॉक्स क्रिकेट (टर्फ) ग्राउंड विकसित किया जा रहा है। वहीं स्थानीय जिम को आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित करने के लिए 30 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा शहर के स्पोर्ट्स ग्राउंड का कार्य भी जारी है। इससे स्थानीय युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
5 करोड़ से बदलेगा नकटी तालाब का स्वरूप
सुकमा के ऐतिहासिक नकटी तालाब के कायाकल्प की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया गया है। करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से तालाब का सौंदर्यीकरण किया जाएगा और इसके लिए कार्यादेश जारी हो चुका है। विकास के बाद यह स्थान शहरवासियों के लिए मनोरंजन, भ्रमण और प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने का नया केंद्र बन सकता है।
शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से व्यापार और रोजगार को बढ़ावा
कलेक्ट्रेट के सामने 1.20 करोड़ रुपये की लागत से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है। इससे स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ युवाओं और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी विकसित होने की उम्मीद है। वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए तपस्या लाइब्रेरी का निर्माण भी तेजी से कराया जा रहा है।
भाजपा सरकार का फोकस केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि बस्तर के जिला मुख्यालयों में भी बुनियादी सुविधाओं और अधोसंरचना को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। सुकमा में स्वीकृत और जारी विकास कार्य इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और मंत्री केदार कश्यप के प्रयासों से सुकमा में सड़क, प्रकाश, खेल, पर्यटन, व्यापार और शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं को एक साथ विकसित करने की पहल ने शहर के विकास को नई गति दी है। आने वाले समय में इन परियोजनाओं के पूरा होने के साथ सुकमा जिला मुख्यालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस शहर के रूप में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
भाजपा सरकार की विकास नीति का दिख रहा असर

पार्षद कांता राठी ने कहा कि भाजपा सरकार के नेतृत्व में सुकमा शहर विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सड़क, प्रकाश, खेल और नागरिक सुविधाओं के लिए स्वीकृत कार्य स्वागत योग्य हैं। इन विकास कार्यों से शहर का स्वरूप बदलेगा और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
पार्षद विवेक यादव ने कहा कि

छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने सुकमा के विकास को प्राथमिकता दी है। स्ट्रीट लाइट, टर्फ ग्राउंड, जिम, तालाब सौंदर्यीकरण और अन्य कार्यों को मंजूरी मिलना सरकार की विकासपरक सोच को दर्शाता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुकमा आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर नई पहचान बनाने की ओर बढ़ रहा है।

अरुण सिंह भदौरिया, सांसद प्रतिनिधि ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार बस्तर के विकास को धरातल पर उतार रही है। सुकमा में करोड़ों रुपये के विकास कार्य इसकी स्पष्ट मिसाल हैं। शहर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था, खेल सुविधाएं, पर्यटन और व्यापारिक अधोसंरचना विकसित होने से युवाओं को अवसर और नागरिकों को सुविधाएं मिलेंगी।






