सुकमा कलेक्टर अमित कुमार ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक लेते हुए कमजोर स्कूल के प्राचार्यों और विषय शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश व कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं, 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के पालकों को भेजने के निर्देश दिए है ।
Sukma.
जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षणिक भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर अमित कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में जिले के सभी हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक लेकर उन्होंने तिमाही परीक्षा परिणामों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान विद्यार्थियों की उपस्थिति, विषयवार प्रदर्शन और विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्पष्ट किया कि शिक्षा के स्तर में सुधार प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कमजोर परीक्षा परिणाम वाले विद्यालयों पर कार्रवाई करते हुए कलेक्टर ने 60 प्रतिशत से कम परिणाम वाले विद्यालयों के प्राचार्यों तथा 70 प्रतिशत से कम परिणाम वाले विषयों के शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी छमाही परीक्षा तक परिणामों में अपेक्षित सुधार दिखाई देना चाहिए, अन्यथा संबंधितों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कमजोर एवं अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को चिन्हांकित कर विषयवार अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने तथा उनकी प्रगति परखने के लिए पुनः परीक्षा आयोजित करने के निर्देश भी दिए, ताकि वार्षिक परीक्षा से पहले विद्यार्थियों की शैक्षणिक कमजोरियों को दूर किया जा सके।
छमाही परीक्षा तक परिणामों में अपेक्षित सुधार दिखाई देना चाहिए, अन्यथा संबंधितों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई

विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के पालकों को तत्काल पत्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम के लिए नियमित अध्ययन और विद्यालय में उपस्थिति बेहद आवश्यक है। इसके साथ ही जिले के सभी पोर्टाकेबिन एवं छात्रावासों का नियमित निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति, भोजन, आवास और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने को कहा। विद्यार्थियों की शैक्षणिक पहचान को मजबूत करने के उद्देश्य से सभी की अपार आईडी 10 दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर अमित कुमार ने सभी प्राचार्यों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि परीक्षा परिणाम सुधारना केवल औपचारिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप नियमित मॉनिटरिंग और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी जी.आर. मंडावी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, खंड स्रोत समन्वयक तथा जिले के सभी हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।






